Breaking News

माओवाद पर प्रहार : मुक्कावेली में नवीन सुरक्षा एवं जन-सुविधा कैम्प की स्थापना

32 कैम्पों से बढ़ी सुरक्षा व विकास की रफ्तार, ग्रामीणों को मिली मूलभूत सुविधाएं और प्रशासनिक पहुंच 

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के थाना फरसेगढ़ क्षेत्रान्तर्गत ग्राम मुक्कावेली में 29 जनवरी 2026 को नवीन सुरक्षा एवं जन-सुविधा कैम्प की स्थापना सफलतापूर्वक की गई। यह कैम्प डीआरजी, जिला बल तथा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 19वीं वाहिनी (डी समवाय) की संयुक्त टीम द्वारा माओवाद विरोधी अभियान के तहत स्थापित किया गया है। यह कदम क्षेत्र में सुरक्षा सुदृढ़ करने के साथ-साथ विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, पहुँचविहीन मार्गों, घने जंगलों और कड़ाके की ठंड के बावजूद सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प एवं उच्च मनोबल का परिचय देते हुए कैम्प की स्थापना की। अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि न केवल रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे क्षेत्र में प्रशासनिक पहुँच भी मजबूत होगी।

नवीन कैम्प की स्थापना से भोपालपटनम–फरसेगढ़–सेण्ड्रा–गढ़चिरौली मार्ग पर अंतर्राज्यीय संपर्क को मजबूती मिलेगी। आगामी समय में नेशनल पार्क क्षेत्र के सुदूर ग्रामों को सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे आवागमन, निगरानी एवं प्रशासनिक गतिविधियों में उल्लेखनीय सुधार होगा।

कैम्प के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), मोबाइल नेटवर्क, सड़क एवं पुल-पुलिया जैसी मूलभूत जन-सुविधाएँ सुलभ कराई जाएँगी। इससे न केवल ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर होगा, बल्कि माओवादियों की अंतर्राज्यीय गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।

पुलिस विभाग के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक बीजापुर जिले में कुल 32 नवीन सुरक्षा कैम्प स्थापित किए जा चुके हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप अब तक 876 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर पुनर्वास की राह चुनी है, 229 माओवादी मुठभेड़ों में मारे गए हैं, जबकि 1151 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है।

यह कैम्प छत्तीसगढ़ शासन की “नियद नेल्ला नार” योजना के अंतर्गत पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. के मार्गदर्शन में तथा पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव सहित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में स्थापित किया गया। कैम्प स्थापना से क्षेत्र के नागरिकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है और विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।

Related Articles

Back to top button