यातायात जागरूकता माह 2026 का समापन: जनभागीदारी से सड़क सुरक्षा को मिला मजबूत आधार

दौड़, भाषण, चित्रकला व रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन, दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले नागरिक हुए सम्मानित
बीजापुर (हिन्दसत)। यातायात जागरूकता माह 2026 के समापन अवसर पर न्यू पुलिस लाइन, बीजापुर में एक भव्य एवं प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा, यातायात अनुशासन एवं सामाजिक सहभागिता के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना रहा। मुख्य अतिथि के रूप में आईपीएस अमन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीजापुर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक एवं यातायात नोडल अधिकारी विनीत कुमार साहू, यातायात प्रभारी केशव ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक विजय मंडावी, रोड सेफ्टी सेल से अवध सिन्हा, महिला सेल से एएसआई पूनम शर्मा, साइबर सेल से भारती देवांगन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं पत्रकार आशीष पदमवार, सिरोज विश्वकर्मा, नवीन दुर्गम एवं पुष्पा रोकड़े की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित सहायता प्रदान कर मानवता का परिचय देने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया। कुशल चोपड़ा, प्रसून शर्मा, ईश्वर सोनी, गणेश मिश्रा, फिरोज विश्वकर्मा, आशीष पदमवार, के. संतोष, पुष्पा रोकड़े, नवीन दुर्गम एवं सुरेश पत्तागिरी को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए गए। साथ ही राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में विशेष सहयोग के लिए सुनीता तामडी, नरवेद सिंह, हर्षिता पांडा, नारायण विश्वकर्मा, पूनम शर्मा, पुष्कर नाग एवं पदमा बघेल को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत जूनियर एवं सीनियर वर्ग की दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पुनर्वास केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त आत्मसमर्पित माओवादियों ने भी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किए। भाषण प्रतियोगिता में मानसी राणा, बसंत कवासी एवं खुशी यादव तथा चित्रकला प्रतियोगिता में लिप्सा झाड़ी, दीपिका एवं आशा धुर्वा विजेता रहीं। वहीं यातायात विषय पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता में सुरेश सिंह एवं चांदनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
लगातार जागरूकता अभियानों एवं चालानी कार्रवाई के सकारात्मक परिणामस्वरूप वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। कार्यक्रम के अंत में यातायात नोडल अधिकारी विनीत कुमार साहू ने कहा कि जनभागीदारी से ही सड़क सुरक्षा के लक्ष्य को प्रभावी रूप से हासिल किया जा सकता है। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।



