केंद्रीय बजट: आर्थिक गति, रोजगार और आत्मनिर्भर भारत को नई उड़ान

आकांक्षाओं को पूरा करने वाला दूरदर्शी बजट – महेश गागड़ा
बीजापुर (हिन्दसत)। केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026–27 देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने, रोजगार सृजन बढ़ाने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने वाला बजट है। यह बजट विकास, समावेशन और दीर्घकालिक दृष्टि के साथ भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था में सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम है। उक्त वक्तव्य पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने भाजपा अटल सदन कार्यालय बीजापुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि यह बजट आमजन, किसान, युवा, महिलाओं और उद्यमियों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला दूरदर्शी बजट है।

विनिर्माण और औद्योगिक मजबूती
श्री गागड़ा ने बताया कि बजट में बायोफार्मा शक्ति, इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, कैपिटल गुड्स को प्रोत्साहन, रेयर अर्थ और केमिकल पार्क जैसी योजनाओं के जरिए विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती दी गई है, जिससे देश की आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।
रोजगार और MSME पर फोकस
पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने बताया कि कपड़ा क्षेत्र में रोजगार सृजन हेतु 5-सूत्रीय कार्यक्रम, टेक्सटाइल क्लस्टर विकास और टेक्स-इको पहल से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। वहीं MSME क्षेत्र के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का SME ग्रोथ फंड और नए क्रेडिट उपाय छोटे उद्योगों को मजबूती प्रदान करेंगे।
इन्फ्रास्ट्रक्चर, कृषि और समावेशन बजट में पूंजीगत व्यय को 12.2 लाख करोड़ रुपये तक बढ़ाया गया है। कृषि में उच्च मूल्य फसलों को बढ़ावा, एग्रीस्टैक और एआई आधारित टूल ‘भारत-विस्तार’ की घोषणा की गई है। महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए विशेष योजनाएं बजट की समावेशी सोच को दर्शाती हैं।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, महामंत्री संजय लुक्कड़, फूलचंद गागड़ा, कोषाध्यक्ष सोनल गुप्ता, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हरिहर साहनी, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष माया झाड़ी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे।

