पीएम आवास जांगला कॉलोनी मॉडल को मिली राष्ट्रीय पहचान

असम राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने किया अवलोकन
बीजापुर (हिन्दसत)। प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के तहत बीजापुर जिले की ग्राम पंचायत जांगला में विकसित कॉलोनी आधारित आवास मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। इसी क्रम में असम राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जांगला पंचायत पहुंचा और मॉडल का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

बस्तर की परंपरा से अतिथियों का स्वागत
असम से आए प्रतिनिधिमंडल में ध्रुब ज्योति नाथ (ज्वाइंट कमिश्नर), रंजित दास और निलोत्पल मिश्रा शामिल थे। छत्तीसगढ़ से राजेंद्र पाण्डेय, उपायुक्त पीएम आवास योजना तथा सोमकांत साहू, सहायक अभियंता मनरेगा मौजूद रहे। जांगला आगमन पर सरपंच तुलसी कुरसम और उपसरपंच रामधर के नेतृत्व में स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बस्तर के पारंपरिक गौर सिंग पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया।
120 आवासों की कॉलोनी का निरीक्षण
प्रतिनिधिमंडल ने पीएम आवास योजना के तहत निर्मित 120 आवासों की कॉलोनी का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुव्यवस्थित लेआउट, बेहतर प्लानिंग और चरणबद्ध निर्माण प्रक्रिया की सराहना की। वर्तमान में आवासों का फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में है।
राष्ट्रीय स्तर पर अपनाने की तैयारी
ज्वाइंट कमिश्नर ध्रुब ज्योति नाथ ने कहा कि जांगला मॉडल यह दर्शाता है कि प्रभावी योजना और निगरानी से सरकारी योजनाएं जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस मॉडल को असम में लागू करने की तैयारी की जा रही है, जिससे गुणवत्ता, गति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा।


