Breaking News

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 7 फरवरी को जगदलपुर में ‘बस्तर पंडुम 2026’ का करेंगी उद्घाटन

बस्तर की जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प और लोककलाओं का होगा भव्य प्रदर्शन

जगदलपुर/बीजापुर (पीआईबी)। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 7 फरवरी 2026 को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर आएंगी। अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित ‘बस्तर पंडुम 2026’ महोत्सव का उद्घाटन करेंगी।

लालबाग मैदान में होगा मुख्य आयोजन

राष्ट्रपति जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित महोत्सव में भाग लेंगी। वे बस्तर पंडुम के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण करेंगी, जहाँ बस्तर की पारंपरिक हस्तशिल्प, जनजातीय कलाएं, लोक वेशभूषा और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। इस दौरान वे कलाकारों और शिल्पकारों से संवाद भी करेंगी।

संस्कृति और परंपरा की झलक

मुख्य समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन के साथ होगी। संस्कृति मंत्री द्वारा स्वागत भाषण दिया जाएगा तथा मंचासीन अतिथियों का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद बस्तर पंडुम पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा।

आदिवासी नृत्य और लोक प्रस्तुतियां

समारोह में बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति को दर्शाते हुए पारंपरिक आदिवासी नृत्य, लोकगीत और वाद्ययंत्रों की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी।

राष्ट्रपति करेंगी संबोधन

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी समारोह को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगी। इसके पश्चात वे जगदलपुर से रायपुर होते हुए नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

Related Articles

Back to top button