तार्रेम के जंगल में मुठभेड़, 8 लाख का इनामी DVCM उधम सिंह ढेर

DRG-कोबरा की संयुक्त कार्रवाई, AK-47 सहित विस्फोटक व माओवादी सामग्री बरामद
बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के दक्षिण क्षेत्र अंतर्गत थाना तार्रेम के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक सशस्त्र माओवादी मारा गया। मौके से AK-47 राइफल, विस्फोटक सामग्री और अन्य माओवादी सामान बरामद किया गया है। मारे गए माओवादी की पहचान दक्षिण बस्तर डिवीजन के DVCM उधम सिंह के रूप में हुई है, जिस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के थाना तार्रेम अंतर्गत जंगलों में दक्षिण बस्तर डिवीजन के DVCM उधम सिंह सहित अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद DRG बीजापुर एवं कोबरा की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। अभियान के दौरान 05 फरवरी की सुबह करीब 7 बजे से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही। मुठभेड़ समाप्त होने के बाद सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से उधम सिंह का शव बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार उधम सिंह प्लाटून नंबर 30 का इंचार्ज था और वह वर्ष 2002-03 में संगठन में पार्टी सदस्य के रूप में शामिल हुआ था। वह छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय था तथा पिछले तीन वर्षों से पामेड़ एरिया कमेटी में कार्यरत था। उधम सिंह के विरुद्ध बीजापुर जिले के विभिन्न थानों में कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह वर्ष 2023 में थाना तार्रेम क्षेत्र में पुलिस पार्टी पर हमले, वर्ष 2024 में पुतकेल-चिपुरभट्टी जंगल मुठभेड़ तथा जिड़पल्ली कैंप हमले जैसी बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है।
मुठभेड़ स्थल से 01 नग AK-47 राइफल, 02 मैग्जीन और 28 राउंड के साथ कार्डेक्स वायर, वायरलेस सेट, मोबाइल, पिट्ठू, टिफिन बैग सहित अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई है।
इधर, घटना की जानकारी देते हुए पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी., डीआईजी ऑप्स केरिपु बीजापुर सेक्टर बी.एस. नेगी तथा पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने जिला मुख्यालय में अधिकारियों के साथ मुठभेड़ और अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की। बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में हुई विभिन्न मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 163 माओवादियों को मार गिराया, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 11 माओवादी ढेर किए जा चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक जिले में चलाए गए माओवादी विरोधी अभियानों में कुल 232 माओवादी मारे गए, 1163 गिरफ्तार हुए तथा 888 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है।



