Breaking News

बोर्ड में टॉपर हुए तो मिलेगा एक्सपोजर विजिट का मौका

परीक्षार्थियों और शिक्षकों को प्रोत्साहित करने जिला प्रशासन की नई पहल

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में सुधार लाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा एक नई प्रोत्साहन योजना तैयार की गई है। इस योजना के अंतर्गत बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले शिक्षकों को एक्सपोजर विजिट का अवसर प्रदान किया जाएगा।

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर संबित मिश्रा ने गत वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणाम और वर्तमान सत्र के प्री-बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस वर्ष जिले के सभी स्कूलों को शत-प्रतिशत परिणाम का लक्ष्य लेकर कार्य करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि परिणाम सुधारने के लिए जिला स्तर पर कई ठोस कदम उठाए गए हैं। जिन विद्यालयों में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी थी, वहां डीएमएफ फंड के माध्यम से शिक्षकों की पूर्ति की गई। साथ ही योजनाबद्ध तरीके से मूल्यांकन व्यवस्था लागू कर विद्यार्थियों के गुणवत्ता स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि इन प्रयासों के बाद जिले का लक्ष्य इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त करना है। उन्होंने आगे बताया कि बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए जिले के हाई स्कूल टॉपर 50 छात्र-छात्राओं तथा हायर सेकेंडरी टॉपर 50 छात्र-छात्राओं को अखिल भारतीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों में एक्सपोजर विजिट हेतु भेजा जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को पढ़ाई संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त होगा तथा वे संस्थानों की अकादमिक गतिविधियों और संचालन व्यवस्था से भी परिचित हो सकेंगे।

इसी प्रकार जिन स्कूलों के शिक्षक शत-प्रतिशत परिणाम दिलाने में सफल रहेंगे, उन्हें भी उनके बेहतर प्रदर्शन के आधार पर एक्सपोजर विजिट में भेजकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा। जिला प्रशासन की यह पहल विद्यार्थियों और शिक्षकों में प्रतिस्पर्धा एवं प्रेरणा बढ़ाने के साथ-साथ जिले के शैक्षणिक स्तर को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button