Breaking News

भूमकाल विद्रोह 1910 के नायकों को दी गई श्रद्धांजलि

धनोरा के मूसालूर चौक में वीर शहीद गुण्डाधुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण, जल-जंगल-जमीन रक्षा का संकल्प

बीजापुर(हिन्दसत)। बस्तर के महान भूमकाल विद्रोह 1910 के वीर नायकों की स्मृति में मूसालूर चौक धनोरा स्थित वीर शहीद गुण्डाधुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों एवं ग्रामीणजनों ने वीर शहीदों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9.30 बजे पारंपरिक देव एवं माटी पुजारियों द्वारा सेवा अर्जी के साथ की गई। इसके पश्चात समाज प्रमुखों ने वीर शहीद गुण्डाधुर की प्रतिमा पर महुआ फूल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में मौजूद समाजजनों ने भूमकाल विद्रोह के वीर शहीदों की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

संस्कृति और पहचान बचाने की अपील

श्रद्धांजलि सभा के दौरान सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि भूमकाल विद्रोह बस्तर के आदिवासी समाज के स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने बस्तर के जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने के साथ-साथ आदिवासी समुदाय की सांस्कृतिक पहचान, रीति-रिवाज और परंपराओं को कायम रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के माध्यम से समाज में एकजुटता और जागरूकता का संदेश देते हुए यह संकल्प लिया गया कि वीर शहीदों के आदर्शों और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button