कन्या विवाह कार्यक्रम में अव्यवस्था, नाराज होकर सांसद प्रतिनिधि लौटे

तेज धूप और पानी की कमी के बीच दूल्हा हुआ बेहोश, मिनी स्टेडियम में मचा हड़कंप
बीजापुर (हिन्दसत)। नगर के मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए। कार्यक्रम में जहां जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा को लेकर नाराजगी सामने आई, वहीं तेज धूप, भूख और पानी की कथित कमी के चलते एक दूल्हे के बेहोश होने से आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में पहुंचे सांसद प्रतिनिधि जीलाराम राना का विधिवत स्वागत नहीं किए जाने से वे नाराज हो गए और बीच कार्यक्रम से ही वापस लौट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ अन्य जनप्रतिनिधियों का भी न तो सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया और न ही मंच से परिचय कराया गया, जिससे नाराजगी का माहौल बन गया।

भाजपा कार्यकर्ता भी कार्यक्रम छोड़कर निकले बाहर
बताया जा रहा है कि सांसद प्रतिनिधि के साथ भाजपा कार्यकर्ता पूजा पोंदी, माया झाड़ी और सुगंती चालकी भी कार्यक्रम से बाहर आ गईं। भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष पूजा पोंदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कार्यक्रम में अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और इसे बड़ी लापरवाही करार दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से कार्यक्रम की गरिमा प्रभावित होती है।
धूप, भूख और पानी की कमी से बिगड़ी तबीयत
इधर कार्यक्रम के दौरान तेज धूप, भूख और पानी की अव्यवस्था के बीच एक दूल्हा अचानक बेहोश हो गया। युवक के गिरते ही मौके पर हड़कंप मच गया। मौजूद लोगों ने तत्काल उसे कार से जिला अस्पताल बीजापुर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रशासन ने कहा जेनेटिक बीमारी से पीड़ित है वर
इस पूरे मामले पर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट करते हुए प्रभारी डीपीओ कांता मसराम ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत कुल 305 जोड़ों का सफलतापूर्वक विवाह संपन्न हुआ। इनमें 18 जोड़े क्रिश्चियन विवाह पद्धति, 155 जोड़े आदिवासी परंपरा, तथा 133 जोड़े हिन्दू रीति-रिवाज से परिणय सूत्र में बंधे।
उन्होंने बताया कि विवाह कार्यक्रम के दौरान एक वर की तबियत बिगड़ी थी, जिसे तत्काल शासकीय एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। संबंधित वर जेनेटिक रोग से पीड़ित है और उसका इलाज जारी है।


