ग्राम पंचायत पुसगुड़ी में तीन माह से राशन वितरण ठप, ग्रामीणों में आक्रोश

अक्टूबर-नवंबर-दिसंबर 2025 का राशन नहीं मिला, जनवरी 2026 में भी आधा व कटौती सहित वितरण का आरोप
बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के विकासखंड उसूर (आवापल्ली) अंतर्गत ग्राम पंचायत पुसगुड़ी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत मिलने वाले शासकीय राशन को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। पंचायत के राशन कार्डधारियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर 2025 का राशन अब तक नहीं मिला है। ग्रामीणों के अनुसार इन तीनों महीनों में न तो राशन का वितरण किया गया और न ही किसी प्रकार की वितरण एंट्री दर्ज की गई।

ग्रामीणों ने बताया कि लगातार तीन माह से राशन नहीं मिलने के कारण पंचायत क्षेत्र के गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों के सामने भोजन संकट जैसी स्थिति बन गई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जनवरी 2026 में भी उन्हें पूर्ण राशन उपलब्ध नहीं कराया गया। आरोप है कि जनवरी माह में मात्र 50 प्रतिशत राशन दिया गया, वह भी कटौती के साथ। इससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पारदर्शिता और व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों ने इस संबंध में भाजपा नेता और पूर्व मंत्री महेश गागड़ा को लिखित शिकायत देकर बताया कि उन्होंने संबंधित खाद विभाग के अधिकारी को भी अवगत कराया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और न ही समस्या का समाधान हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कराकर ग्राम पंचायत पुसगुड़ी के समस्त पात्र राशन कार्डधारियों को लंबित राशन का शीघ्र वितरण सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही दोषी जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।
गौरतलब है कि बीते कई महीनों से जिले भर में गरीबों को मिलने वाले पौष्टिक चना की अनुपलब्धता बनी हुई है। वहीं जनवरी माह में चना उपलब्ध होने के बावजूद उठाव में देरी का हवाला देकर वितरण नहीं किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।
