Breaking News

मासूम आदिवासी बच्चों के निवाले पर डाका, 07 पोर्टा केबिन अधीक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई

फर्जी उपस्थिति दिखाकर राशन में गड़बड़ी, 06 अधीक्षक निलंबित, 01 पहले से सस्पेंड

बीजापुर (हिन्दसत)। जिला प्रशासन बीजापुर ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालयों में सामने आई गंभीर अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए 07 पोर्टा केबिन अधीक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। यह कार्रवाई जिला स्तर पर संस्थावार नियुक्त नोडल अधिकारियों के प्रतिवेदन एवं समग्र शिक्षा अंतर्गत गठित जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई।

जांच में नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालक एवं बालिका आवासीय विद्यालय भटवाड़ा, संगमपल्ली, माटवाड़ा, केशकुतुल और गंगालूर में उपस्थिति पंजी में दर्ज छात्रों की तुलना में वास्तविक उपस्थिति कम पाई गई। कई छात्र अनुपस्थित होने के बावजूद उनके नाम पर भोजन मद की अतिरिक्त राशि आहरित किए जाने और प्रतिमाह मेस चार्ज पंजी का संधारण नहीं करने जैसी गंभीर लापरवाही उजागर हुई।

प्रशासन ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए कलेक्टर के आदेश पर बालिका आवासीय विद्यालय गंगालूर एवं बालक आवासीय विद्यालय केशकुतुल के दो अधीक्षकों को तत्काल निलंबित कर दिया।

वहीं शेष 05 अधीक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु प्रकरण संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बस्तर, जगदलपुर को भेजा गया था। संयुक्त संचालक द्वारा 04 अधीक्षकों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि 01 अधीक्षक पहले से ही निलंबित बताया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्र हितों से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, फर्जीवाड़ा अथवा भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button