Breaking News

बीजापुर में माओवादियों की बड़ी साजिश नाकाम, सड़क के नीचे दबा था 30 किलो IED

आवापल्ली-गंगालूर में विस्फोटक बरामद, कुटरू व गंगालूर में माओवादी स्मारक ध्वस्त

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके नापाक मंसूबों को विफल कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 फरवरी 2026 को आवापल्ली, गंगालूर और कुटरू क्षेत्र में डिमाईनिंग एवं सर्च ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में IED डिटेक्ट कर मौके पर ही नष्ट किया गया। साथ ही माओवादियों द्वारा बनाए गए स्मारकों को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाना आवापल्ली क्षेत्रांतर्गत थाना आवापल्ली, केरिपु 196 एवं 170वीं वाहिनी की संयुक्त टीम आवापल्ली-मुरदण्डा सड़क मार्ग पर डिमाईनिंग ड्यूटी हेतु निकली थी। इसी दौरान बीडी टीम ने मुरदण्डा कैम्प से लगभग 3 किलोमीटर दूरी पर मुख्य सड़क के किनारे Foxhole बनाकर करीब 05 फीट अंदर तथा सड़क से 02 फीट नीचे माओवादियों द्वारा लगाया गया करीब 30 किलोग्राम IED डिटेक्ट किया।

अधिकारियों के अनुसार माओवादियों ने बड़े वाहनों को निशाना बनाने की नीयत से स्वीच सिस्टम के जरिए यह IED सड़क के नीचे प्लांट किया था। डिमाईनिंग के दौरान इसे सुरक्षित निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन विस्फोटक अधिक गहराई में होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर ही IED को नष्ट कर दिया गया। विस्फोट के बाद सड़क पर गहरा गड्ढा हो गया था, जिसे भरकर मार्ग पर आवागमन बहाल कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाना गंगालूर क्षेत्रांतर्गत FOB डोडीतुमनार क्षेत्र में केरिपु 153 वाहिनी द्वारा डिमाईनिंग के दौरान माओवादियों द्वारा लगाया गया 05 किलोग्राम का प्रेशर IED भी डिटेक्ट किया गया, जिसे मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।

इधर थाना कुटरू क्षेत्रांतर्गत कोबरा 210 वाहिनी द्वारा माओवादी विरोधी अभियान के दौरान माड़ क्षेत्र में इन्द्रावती नदी के किनारे वर्ष 2025 में मारे गए कुख्यात माओवादी कमांडर सीसीएम बसवराजू की स्मृति में माओवादियों द्वारा निर्मित स्मारक को चिन्हित कर पूर्ण रूप से ध्वस्त कर दिया गया।

इसके अलावा थाना गंगालूर क्षेत्रांतर्गत केरिपु 222 वाहिनी की टीम ने तोड़का-कोरचोली एवं पेद्दाकोरमा के घने जंगल क्षेत्र में सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन के दौरान माओवादियों द्वारा बनाए गए स्मारकों को साहसिक कार्रवाई करते हुए पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा बलों की सतर्कता एवं सूझबूझ से माओवादियों के नापाक इरादों को विफल किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में माओवादी गतिविधियों, विस्फोटक प्लांटिंग और अवैध संरचनाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button