Breaking News

ताड़पाला हिल्स में नक्सलियों का डंप ध्वस्त, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

सुरक्षा बलों ने 13 IED और 1 डायरेक्शन IED किए निष्क्रिय, कई माओवादी स्मारक भी ध्वस्त

बीजापुर (हिन्दसत)। बीजापुर जिले में माओवादियों के विरुद्ध संचालित प्रभावी नक्सल विरोधी अभियानों के तहत थाना उसूर क्षेत्र अंतर्गत केरिपु 196 वाहिनी एवं कोबरा 204 की संयुक्त टीम द्वारा ताड़पाला हिल्स एरिया में सघन नक्सल अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली, जहां माओवादियों द्वारा 02 अलग-अलग स्थानों पर जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम एवं पॉलिथिन में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री, राशन एवं अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई।

भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

सुरक्षा बलों द्वारा बरामद सामग्री में शामिल हैं—

  • डेटोनेटर – 13 नग
  • गन पावडर – 11 किलोग्राम
  • प्लास्टिक ड्रम – 04 नग
  • स्टील ड्रम – 02 नग
  • लोहे का ड्रम – 02 नग
  • माओवादी वर्दी, जूते, कैप, डोरी यूएसबी केबल, सोलर प्लेट सहित अन्य माओवादी साहित्य एवं सामग्री शामिल हैं।
13 प्रेशर स्विच IED और 1 डायरेक्शन IED किया गया नष्ट

एरिया डॉमिनेशन एवं डिमाईनिंग के दौरान माओवादियों द्वारा जमीन में लगाए गए 13 नग बीयर बॉटल में प्रेशर स्विच सिस्टम IED तथा 01 नग डायरेक्शन IED (लोहे के पाइप में निर्मित) बरामद किए गए।

बरामद सभी IED को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय/नष्ट कर दिया गया।

माओवादी स्मारक भी ध्वस्त

अभियान के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा टेकमेटला कुंजामपारा क्षेत्र में निर्मित माओवादी स्मारक को भी ध्वस्त किया गया। वहीं थाना मोदकपाल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंगुड़ में थाना मोदकपाल एवं CRPF बी/62 वाहिनी नुकनपाल की संयुक्त टीम द्वारा अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा पूर्व से निर्मित कुल 06 माओवादी स्मारकों को भी ध्वस्त किया गया।

चलित थाना और सायबर जागरूकता अभियान भी चलाया गया

अभियान के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं पुलिस–जन संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से मौके पर चलित थाना भी लगाया गया। इसमें ग्रामीणों की शिकायतें एवं समस्याएं सुनी गईं। सुरक्षा बलों द्वारा ग्रामीणों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई तथा सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने किया सुरक्षा बलों का उत्साहवर्धन अभियान के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने “भारत माता की जय” के नारों के साथ सुरक्षा बलों का उत्साहवर्धन किया।

Related Articles

Back to top button