Breaking News

एनएमडीसी के लालपानी प्रभावित गांवों का विधायक विक्रम मंडावी ने किया दौरा

ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, मुआवजा और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर सरकार पर साधा निशाना

बीजापुर (हिन्दसत)। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने शनिवार को जिले के दुर्गम एवं एनएमडीसी लालपानी से प्रभावित क्षेत्रों के ग्राम डुमिरपालनार, तिमेनार, हुरेपाल और बेचापाल का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

दौरे के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष वन अधिकार पट्टा, शुद्ध पेयजल, सर्वसुविधायुक्त अस्पताल, स्कूल, सड़क, बिजली, आंगनबाड़ी केंद्र, राशन दुकान खोलने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार की मांग प्रमुखता से रखी। विधायक विक्रम मंडावी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे इन मांगों को लेकर राज्य सरकार से चर्चा करेंगे और जल्द समाधान कराने का प्रयास करेंगे।

लालपानी से कृषि भूमि, किसानी और पशुधन प्रभावित : मंडावी

विधायक मंडावी ने एनएमडीसी (National Mineral Development Corporation) की लालपानी खदान से प्रभावित ग्राम डुमिरपालनार पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि एनएमडीसी खदान से निकलने वाले लालपानी से कृषि भूमि, किसानी कार्य, पशुधन और ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एनएमडीसी प्रबंधन लंबे समय से लालपानी से हो रहे पर्यावरणीय और कृषि नुकसान का उचित मुआवजा नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने विधायक से मांग की कि एनएमडीसी प्रबंधन से बातचीत कर उन्हें मुआवजा दिलाया जाए।

एनएमडीसी प्रबंधन कर रहा अनदेखी, जल्द मिले मुआवजा

विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि, “एनएमडीसी खदान से निकलने वाला लालपानी ग्रामीणों के लिए लगातार संकट पैदा कर रहा है। यह लालपानी कृषि भूमि, किसानी कार्य और पशुधन को प्रभावित कर रहा है। इसका असर ग्रामीणों के स्वास्थ्य और आजीविका पर पड़ रहा है। आने वाले दिनों में पर्यावरण पर भी इसका गंभीर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है।”

उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण वर्षों से एनएमडीसी से मुआवजे की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन लगातार इसे नजरअंदाज कर रहा है। विधायक ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार से मांग की कि प्रभावित ग्रामीणों को उनकी मांग के अनुरूप शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए।

जनप्रतिनिधि व ग्रामीण रहे मौजूद

इस दौरान बीजापुर जनपद पंचायत के अध्यक्ष सोनू पोटाम, पार्वती कश्यप, हीरालाल मंडावी, सुखदेव नाग सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि गण और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button