इन्द्रावती के जंगलों में मुठभेड़: दो वर्दीधारी माओवादी ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

जांगला थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, सर्च ऑपरेशन जारी
बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के जांगला थाना क्षेत्र अंतर्गत इन्द्रावती नदी के जंगलों में 26 फरवरी गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वर्दीधारी माओवादी मारे गए। मौके से सुरक्षा बलों ने एसएलआर, इंसास और 12 बोर राइफल सहित अन्य हथियार एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन्द्रावती नदी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की आसूचना मिलने पर संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान सुबह जंगल क्षेत्र में माओवादियों से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई।
मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए गए। घटनास्थल से SLR राइफल, INSAS राइफल, 12 बोर राइफल, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई है।
बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। वहीं बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि क्षेत्र में सर्च अभियान अभी जारी है और विस्तृत रिपोर्ट अलग से जारी की जाएगी। फिलहाल सुरक्षा बलों द्वारा इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।



