इन्द्रावती तट पर सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता

जैगुर-डोडुम मुठभेड़ में 2 इनामी माओवादी ढेर, हथियार बरामद
बीजापुर (हिन्दसत)। थाना जांगला क्षेत्रांतर्गत जैगुर-डोडुम इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। इन्द्रावती नदी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की विशिष्ट आसूचना पर 25 फरवरी की शाम संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी।
अभियान के दौरान 26 फरवरी की सुबह करीब 6 बजे सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जो कुछ समय तक रुक-रुक कर चलती रही। मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में दो वर्दीधारी माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए।

10 लाख के दो इनामी एरिया कमेटी सदस्य मारे गए
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि मारे गए माओवादियों की प्रारंभिक पहचान भैरमगढ़ एरिया कमेटी के सदस्य के रूप में हुई है—
1. ACM हिचामी मडडा (घोषित इनाम ₹5 लाख)
2. ACM मनकी पोड़ियम (घोषित इनाम ₹5 लाख) दोनों सक्रिय और सशस्त्र कैडर बताए जा रहे हैं।
भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक बरामद

मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने निम्न सामग्री बरामद की—
•01 नग SLR राइफल, 03 मैगजीन, 55 राउंड
•01 नग INSAS राइफल, 03 मैगजीन, 19 राउंड
•01 नग 12 बोर बंदूक, 02 सेल
•02 हैंड ग्रेनेड, 02 देशी हैंड ग्रेनेड
•डेटोनेटर, स्कैनर बैटरी, मैकेनिज्म, दवाइयाँ, पाउच व अन्य नक्सली सामग्री
संयुक्त बलों का सर्च ऑपरेशन जारी
कार्रवाई में DRG, बस्तर फाइटर्स, STF, CoBRA और CRPF की संयुक्त टीम शामिल रही। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पट्टलिंगम ने कहा कि पूर्व माओवादी कैडरों की तरह शेष सक्रिय सदस्य भी हिंसा का मार्ग त्यागकर मुख्यधारा में शामिल हों। सरकार आत्मसमर्पण करने वालों के पुनर्वास और शांतिपूर्ण जीवन के लिए प्रतिबद्ध है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और माओवादी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।



