Breaking News

दुगोली स्थायी नर्सरी में 2.5 लाख पौध तैयार करने का कार्य जारी, सूखे वृक्षों की अनुमति लेकर की गई कटाई

रातों रात कटाई की बात को विभाग ने बताया भ्रामक

बीजापुर (हिन्दसत)। बीजापुर वनमण्डल अंतर्गत दुगोली स्थित स्थायी नर्सरी में इस वर्ष वृहद स्तर पर पौध तैयार करने का कार्य किया जा रहा है। लगभग 12 किलोमीटर दूर 4.500 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली इस नर्सरी में पूर्व में सीमित स्तर पर कार्य होता था, लेकिन वर्तमान में बड़े पैमाने पर पौध उत्पादन की स्वीकृति मिलने के बाद गतिविधियां तेज कर दी गई हैं।

मुख्य वन संरक्षक जगदलपुर वृत्त के पत्र क्रमांक 355 दिनांक 15 जनवरी 2026 के तहत 1 लाख पौधे, पत्र क्रमांक 970 दिनांक 13 फरवरी 2026 के तहत 50 हजार पौधे तथा जिला पंचायत बीजापुर के स्वीकृति आदेश के तहत 1 लाख पौधे तैयार करने की अनुमति दी गई है। इस प्रकार कुल 2.5 लाख पौध तैयार किए जा रहे हैं।

नर्सरी के चिन्हांकित वेड स्थल के मध्य सूखे एवं मरणासन्न अवस्था में 38 नग सागौन एवं अन्य मिश्रित प्रजाति के बड़े वृक्ष मौजूद थे, जिनकी घनी छाया के कारण पौधों की वृद्धि प्रभावित होने की संभावना थी। इस संबंध में वनमण्डलाधिकारी बीजापुर से विधिवत अनुमति प्राप्त कर उक्त वृक्षों की कटाई की गई। कटाई के बाद लकड़ी का हेमरिंग कर चालान के माध्यम से काष्ठागार डिपो भेजने की प्रक्रिया अपनाई गई।

विभाग के अनुसार बड़े वृक्षों को हटाने के लिए जेसीबी मशीन का उपयोग किया गया। दिन में वाहन उपलब्ध न होने के कारण लट्ठों को किनारे करने का कार्य देर शाम तक चला। विभाग ने स्पष्ट किया कि रातों-रात अवैध कटाई की बात भ्रामक और निराधार है तथा समस्त कार्यवाही नियमानुसार की गई है।

Related Articles

Back to top button