Breaking News

बफर एरिया में चली आरी, 64 पेड़ों की कटाई का आरोप

इंद्रावती टाइगर रिजर्व में ठेकेदार पर कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में आक्रोश

बीजापुर (हिन्दसत)। इंद्रावती टाइगर रिजर्व के बफर एरिया में एक हेक्टेयर भूमि पर 64 पेड़ गिराए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माण कार्य के लिए आश्रम बिल्डिंग के ठेकेदार द्वारा नियमों की अनदेखी कर पेड़ों की कटाई की गई। इस संबंध में वन विभाग द्वारा पीओआर दर्ज किए जाने की जानकारी है, लेकिन अब तक संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं।

मामला ग्राम पंचायत गुदमा का बताया जा रहा है। ग्राम वन सुरक्षा समिति ने पंचायत द्वारा पारित ग्राम सभा प्रस्ताव को फर्जी करार दिया है। समिति का आरोप है कि जिस व्यक्ति को ग्राम सभा का सभापति दर्शाया गया, वह गांव का निवासी नहीं है। साथ ही यह भी कहा गया कि प्रस्ताव की प्रति घर-घर भेजकर हस्ताक्षर कराए गए, जबकि विधिवत ग्राम सभा आयोजित ही नहीं की गई।

ग्रामीणों के अनुसार गुदमा में बालक एवं बालिका आश्रम भवन प्रस्तावित है तथा ग्राम सभा द्वारा सुरक्षा कैंप के बाजू में दोनों आश्रमों के लिए भूमि आरक्षित की गई थी।

इधर कुटरू वन परिक्षेत्र के रेंज ऑफिसर रामायण मिश्रा ने बताया कि पीओआर दर्ज कर मामले को जांच में लिया गया है। उनका कहना है कि सरपंच द्वारा उक्त स्थल ठेकेदार को भवन निर्माण के लिए दिखाया गया था। हालांकि, एक ओर ठेकेदार को स्थल पंचायत द्वारा दिखाए जाने और दूसरी ओर पीओआर दर्ज होने के बाद भी स्पष्ट कार्रवाई न होने से संदेह की स्थिति बनी हुई है।

वन सुरक्षा समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा बुलडोजर से न केवल गिराया गया बल्कि यह जड़ से उखाड़ने की कार्रवाई की गई।

ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है और अब वन विभाग व जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button