भारतीय डाक विभाग की बीमा योजना से दिवंगत मिच्चा के परिवार को मिला संबल

550 रुपये सालाना प्रीमियम में 10 लाख रुपये का सुरक्षा कवच
बीजापुर (हिन्दसत)। ग्रामीण अंचलों में आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बन रहे भारतीय डाक विभाग की बीमा योजना ने एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित की है। कुटरू क्षेत्र में बाढ़ दुर्घटना में दिवंगत बुधराम मिच्चा के परिजनों को 10 लाख रुपये की बीमा सहायता प्रदान की गई।
यह राशि भारतीय डाक विभाग की 550 रुपये वार्षिक प्रीमियम बीमा योजना के अंतर्गत दी गई, जिसका संचालन India Post Payments Bank के माध्यम से किया जाता है। बीजापुर शाखा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मृतक की नामिनी रुकमी मिच्चा एवं उनके भाई जूरू मिच्चा को चेक सौंपा गया।
कार्यक्रम में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक छत्तीसगढ़ परिमंडल के मुख्य प्रबंधक बूक्के भास्कर नायक, Bajaj Allianz के क्षेत्रीय प्रबंधक निर्भय सिंह, आर.एम. आदित्य कुमार, बीजापुर उप संभागीय निरीक्षक डाक तारम सिंह ठाकुर, उप डाकपाल कृष्णा कुमार कावरे तथा शाखा के एग्जीक्यूटिव बानोथ रामकृष्णा सहित डाक एवं बीमा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को डाक विभाग और बीमा योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कम प्रीमियम में भी बड़ा आर्थिक सुरक्षा कवच प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने लोगों को भविष्य की अनिश्चितताओं से बचाव के लिए बीमा योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया।
ग्रामीणों ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में समय पर मिली बीमा राशि ने पीड़ित परिवार को बड़ी राहत प्रदान की है और यह योजना आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है।

