Breaking News

होली पर हुड़दंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

रमजान के पावन माह में सौहार्द बनाए रखने की अपील, शांति व्यवस्था के लिए पुलिस ने किए व्यापक इंतजाम

बीजापुर (हिंदसत)। रंगों का पर्व होली हर्ष, उल्लास और आपसी प्रेम का प्रतीक है, लेकिन कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

बीजापुर पुलिस (Bijapur Police) ने जनहित में जागरूकता पोस्टर जारी कर स्पष्ट चेतावनी दी है कि शराब पीकर वाहन चलाने, जबरन रंग लगाने, हुड़दंग मचाने या कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सिटी कोतवाली प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ जितेंद्र कुमार यादव (SP Dr. Jitendra Kumar Yadav) के निर्देशन में जिलेभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी। मुख्य मार्गों पर विशेष पेट्रोलिंग दल सक्रिय रहेंगे।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, तेज रफ्तार और स्टंटबाजी से बचें, ध्वनि विस्तारक यंत्र निर्धारित समय और मानक के अनुसार ही चलाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक संदेश सोशल मीडिया पर साझा न करें।

वर्तमान में पवित्र रमजान माह भी चल रहा है। ऐसे में सभी समुदायों से संयम, परस्पर सम्मान और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की विशेष अपील की गई है, ताकि होली आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश दे सके।

टीआई दुर्गेश शर्मा ने बताया कि 2 मार्च को अपराह्न 4 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित पुलिस मैस हॉल में समाज प्रमुखों और प्रबुद्ध नागरिकों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण होली मनाने को लेकर परिचर्चा और बैठक आयोजित किया गया है।

Related Articles

Back to top button