नशाखोरी और अफीम खेती के मुद्दे पर कांग्रेस का भाजपा कार्यालय घेराव, पुलिस से हुई झूमा-झटकी

जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर के नेतृत्व में प्रदर्शन, बैरिकेडिंग कर पुलिस ने रोकी भीड़
बीजापुर (हिन्दसत)। प्रदेश में बढ़ती नशाखोरी और अफीम की अवैध खेती के मुद्दे को लेकर गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भाजपा कार्यालय के घेराव से पहले विधायक कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रैली की शक्ल में नेशनल हाईवे पार करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े और घेराव किया।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने भाजपा कार्यालय के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। बैरिकेडिंग लगाकर भीड़ को आगे बढ़ने से रोका गया। सिटी कोतवाली प्रभारी दुर्गेश शर्मा मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखे हुए थे। इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई थी। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश के दौरान पुलिस के साथ हल्की झूमा-झटकी भी हुई।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश के युवाओं और समाज को नशे के गर्त में धकेल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को मिले जनादेश का दुरुपयोग कर अफीम की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि युवा बेरोजगारी और आम जनता महंगाई, रसोई गैस व डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान है।
इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, नीना रावतिया उद्दे, कमलेश कारम बसंत ताटी, सुखदेव नाग मनोज अवलम, रमेश यालम, रमेश पामभोई, अशोक मड़े, अंकित सिंह,
नकुल ठाकुर, मंगल राणा मनोज यालम, पुरुषोत्तम सल्लूर, सोनू पोटम, दिनेश पुजारी, संजना चौहान, शेख रजिया, सरिता चापा, सोमारू राम कश्यप, सुरेश सोड़ी, अनिता तेलम, रेंगा नागेश, केजी सत्यम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे ।




