Breaking News

छात्रावास में अध्ययनरत 13 वर्षीय छात्र सुनील की मौत,व्यवस्था पर उठे सवाल

3–4 दिन से बीमार था छात्र, हालत बिगड़ी, अस्पताल में तोड़ा दम 

सुकमा (हिन्दसत)। जिले के पोलमपल्ली बालक छात्रावास में अध्ययनरत 13 वर्षीय छात्र सुनील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। इस घटना के बाद छात्रावास की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार पोलमपल्ली बालक छात्रावास में पढ़ने वाला कक्षा 9वीं का छात्र सुनील पिछले 3–4 दिनों से बीमार चल रहा था। बुधवार सुबह करीब 8 बजे छात्रावास अधीक्षक उसे इलाज के लिए दोरनापाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल लाए जाने के समय छात्र की हालत बेहद गंभीर थी। इलाज के दौरान उसकी स्थिति और बिगड़ गई, जिसके बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक छात्र में खून की कमी (एनीमिया) पाई गई थी, जिसे मौत का संभावित कारण बताया जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले की जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।

छात्र की मौत को लेकर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बबिता माड़वी ने भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने छात्रावास में बच्चों के स्वास्थ्य और खानपान की व्यवस्था को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया है और मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि मृतक छात्र सुनील सुकमा जिले के बेदरे क्षेत्र का निवासी था। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम छात्र का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इस घटना ने एक बार फिर आदिवासी छात्रों के लिए संचालित छात्रावासों की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार इन छात्रावासों के संचालन पर लाखों रुपये खर्च करती है, लेकिन खानपान और स्वास्थ्य निगरानी की कमी के कारण बच्चों के बीमार होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

Related Articles

Back to top button