Breaking News

आजादी के बाद पहली बार पोरो-परिया पहुंचे कलेक्टर, गांवों में घर-घर जाकर लिया विकास कार्यों का जायजा

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में प्रशासन की सक्रियता, कलेक्टर अमित कुमार और सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने ग्रामीणों से की सीधी बातचीत

सुकमा (हिन्दसत)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में सुकमा जिले के अत्यंत दूरस्थ क्षेत्र पोरो-परिया में आजादी के बाद पहली बार कलेक्टर अमित कुमार पहुंचे। उनके साथ जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर भी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने गांवों का दौरा कर बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

दौरे के दौरान कलेक्टर अमित कुमार मारोकी गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के घरों तक पैदल पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने आवास निर्माण की स्थिति, राशन वितरण, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केंद्र मारोकी का भी निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध बेबी वार्मर मशीन को स्वयं चालू कर उसकी कार्यप्रणाली समझी और नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रॉप पैरासिटामोल सहित अन्य आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने पीडीएस भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, स्कूल, बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाओं का भी जायजा लिया। पीडीएस केंद्र में कलेक्टर ने हितग्राहियों से चर्चा कर राशन वितरण व्यवस्था की जानकारी ली और पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान आंगनबाड़ी भवन, स्कूल भवन, सड़क निर्माण, हाता निर्माण, पुलिया निर्माण, बिजली आपूर्ति सुदृढ़ करने, बोरिंग खुदाई तथा जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल कनेक्शन उपलब्ध कराने जैसे कई विकास कार्यों के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा परिया क्षेत्र के पात्र परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राजमिस्त्री व बांस शिल्पकला प्रशिक्षण शुरू कराने हेतु युवाओं की सूची तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

कलेक्टर को अपने बीच पाकर ग्रामीण काफी खुश नजर आए। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र में पहली बार इस तरह का व्यापक निरीक्षण और संवाद देखने को मिला है।

दौरे के अंत में कलेक्टर अमित कुमार ने गादीरास तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर नामांतरण, बंटवारा सहित लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की और उनके समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button