भारी बारिश में विधायक निवास पहुंचे 3 हजार से अधिक लोग, नक्सल मामलों में बंद लोगों की निशर्त रिहाई की मांग
परिजनों ने सुनाया दर्द, बोले- जेलों के चक्कर और वकीलों की फीस से आर्थिक स्थिति हुई दयनीय

बीजापुर (हिन्दसत)। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच आज बड़ी संख्या में ग्रामीण और नक्सल मामलों में जेलों में बंद लोगों के परिजन विधायक विक्रम मंडावी के निवास पहुंचे। मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान 3 हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी है। परिजनों ने अपने परिजनों की निशर्त रिहाई की मांग उठाते हुए अपनी समस्याओं और पीड़ा को विधायक के सामने रखा।
परिजनों का कहना था कि वर्षों से चल रही कानूनी प्रक्रिया, जेलों के लगातार चक्कर और वकीलों की फीस के कारण उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। कई परिवारों पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है, जबकि बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा का जीवन भी प्रभावित हो रहा है।
मुलाकात के दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को सम्मान और विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जबकि महुआ बीनने वाले ग्रामीण, खेती-किसानी करने वाले किसान और स्कूली छात्रों तक को नक्सल मामलों में जेल भेजा गया है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष समीक्षा कर निर्दोष लोगों को तत्काल निशर्त रिहा किया जाना चाहिए।
परिजनों ने सरकार से लंबित मामलों की शीघ्र सुनवाई, न्यायिक प्रक्रिया में तेजी और जरूरतमंद परिवारों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की। उनका कहना था कि कई परिवार वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं और उन्हें राहत की आवश्यकता है।
भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों और प्रभावित परिवारों की चिंता और गंभीरता को उजागर किया। परिजनों ने विधायक से उनकी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने और उचित पहल करने का आग्रह किया।



