Breaking News

सूखे नशे के खिलाफ बीजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

एक माह से फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कारवॉश सेंटर की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार

बीजापुर (हिन्दसत)। सूखे नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक माह से फरार चल रहे मुख्य आरोपी आकाश ठाकुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में पूर्व में पंजीबद्ध प्रकरण में आरोपी लंबे समय से फरार था, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कारवॉश सेंटर की आड़ में सूखे नशे का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था। पूर्व में की गई कार्रवाई के दौरान उक्त कारवॉश सेंटर से गोली, कैप्सूल और थिनर जैसी नशे की सामग्रियां बरामद की गई थीं। मामले में आरोपी के सहयोगी धर्मेन्द्र कुमार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

बताया गया कि मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी आकाश ठाकुर को दंतेवाड़ा जिले से गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी के अन्य सहयोगियों और पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है तथा उससे जुड़े लोगों का कच्चा-चिट्ठा खंगाला जा रहा है।

पुलिस के अनुसार बीजापुर में सूखे नशे के विरुद्ध पिछले कुछ महीनों से लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत कई व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button