पुनर्वास केंद्र बीजापुर में स्वास्थ्य शिविर संपन्न, त्वचा रोग और दस्त के मरीज अधिक
79 मरीजों का परीक्षण, गर्मी में सावधानी बरतने की दी गई सलाह

बीजापुर (हिन्दसत)। ग्रीष्म ऋतु के बीच बढ़ती मौसमी बीमारियों को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार पुनर्वास केंद्र बीजापुर में एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 79 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर मौके पर ही उपचार प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान सबसे अधिक मरीज त्वचा संबंधी बीमारियों और दस्त (लूज मोशन) से पीड़ित पाए गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 21 मरीज त्वचा संक्रमण से ग्रसित मिले, जिनमें खुजली, एलर्जी और फंगल संक्रमण की शिकायतें प्रमुख रहीं। वहीं 6 मरीज दस्त से पीड़ित पाए गए, जिन्हें तत्काल दवाइयां उपलब्ध कराते हुए ORS घोल सेवन और उबला/स्वच्छ पानी पीने की सलाह दी गई।

इसके अलावा बुखार के 5, खांसी-जुकाम के 19 तथा अन्य बीमारियों से पीड़ित 18 मरीजों का भी परीक्षण किया गया। सभी मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराते हुए चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
चिकित्सकों ने बताया कि गर्मी के मौसम में साफ-सफाई की कमी, दूषित पानी का सेवन और अधिक पसीना आने से त्वचा रोग एवं दस्त के मामलों में वृद्धि होती है। इसलिए लोगों को नियमित स्नान, साफ कपड़े पहनने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने और खुले में रखे भोजन से परहेज करने की सलाह दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुनर्वास केंद्र में रह रहे लोगों को हाथ धोने की आदत, पानी उबालकर पीने, ORS का उपयोग तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने के संबंध में जागरूक किया। शिविर के आयोजन से पुनर्वास केंद्र में रह रहे लोगों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिला।



