Breaking News

विश्व पर्यावरण दिवस पर आईटीआर का अनूठा अभियान, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत हुआ वृक्षारोपण

स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, वन्यजीव सुरक्षा पर भी किया गया जागरूक

बीजापुर (हिन्दसत)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इंद्रावती टाइगर रिजर्व द्वारा ग्राम नैमेड़ में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा स्थानीय समुदाय की सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

फील्ड डायरेक्टर सुश्री स्टायलो मंडावी (आईएफएस) एवं उप संचालक संदीप बलगा (आईएफएस) के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) के अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा, इंद्रावती टाइगर रिजर्व के अधिकारी-कर्मचारी, पेट्रोलिंग गार्ड तथा ग्राम नैमेड़, बीजापुर और गुदमा की ईको डेवलपमेंट कमेटी के सदस्य शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न देशी प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया और उनकी सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण, वन एवं वन्यजीव सुरक्षा, अवैध वन्यजीव व्यापार की रोकथाम और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के संबंध में जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण और वन्यजीव संरक्षण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं तथा इनके संरक्षण में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का प्रतीक है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पौधों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में योगदान देने का भरोसा जताया। सामूहिक वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button