Breaking News

तेलंगाना के डीजीपी सी. वी. आनंद ने किया एफओबी ताड़पाला का दौरा

बीजापुर-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा

बीजापुर (हिन्दसत)। तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक सी. वी. आनंद, आईपीएस ने सोमवार को बीजापुर-तेलंगाना सीमा क्षेत्र स्थित एफओबी ताड़पाला का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था एवं नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा की। उनके साथ एडीजी सीआरपीएफ साउथ जोन रविदीप सिंह साही, तेलंगाना पुलिस तथा सीआरपीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

दौरे के दौरान मुलुगु कलेक्टर भोरखड़े हेमंत सहादेवराव, एसपी मुलुगु सुधीर रामनाथ केकर तथा डीएफओ मुलुगु विकास मीणा भी उपस्थित रहे। एफओबी ताड़पाला पहुंचने पर 196वीं वाहिनी के कमांडेंट कुमार मनीष ने डीजीपी एवं अन्य अधिकारियों का स्वागत किया और कैम्प की स्थापना, निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था तथा क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षा बलों द्वारा संचालित गतिविधियों एवं नक्सल विरोधी अभियानों के संबंध में भी अधिकारियों को अवगत कराया।

भ्रमण के दौरान डीजीपी सी. वी. आनंद ने बीजापुर-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में ध्वजारोहण किया तथा कैम्प परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके पश्चात उन्होंने कैम्प में तैनात अधिकारियों एवं जवानों से संवाद कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि बीजापुर और तेलंगाना सीमा से लगे क्षेत्रों में नक्सलवाद के प्रभाव को समाप्त करने तथा स्थायी शांति एवं विकास सुनिश्चित करने के लिए दोनों राज्यों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों में सुरक्षा बलों द्वारा प्रदर्शित साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की प्रशंसा करते हुए शहीद जवानों के बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर सुरक्षा अधिकारियों के बीच क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति, अंतरराज्यीय समन्वय तथा नक्सल विरोधी अभियानों को लेकर विस्तृत चर्चा भी हुई। कार्यक्रम के अंत में 196वीं वाहिनी के कमांडेंट कुमार मनीष ने डीजीपी सी. वी. आनंद को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके दौरे के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button