इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीव शिकार पर बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार
नीतिकाकलेर क्षेत्र में वन विभाग का छापा, वन्यप्राणी का मांस और शिकार सामग्री जब्त

बीजापुर (हिन्दसत)। इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। वन विभाग की टीम ने परिक्षेत्र पासेवाड़ा के अंतर्गत ग्राम नीतिकाकलेर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए वन्यजीव शिकार के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वन्यप्राणी का मांस (संभावित नीलगाय) तथा शिकार में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है।
यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीवन) एवं क्षेत्रीय निदेशक, इन्द्रावती टाइगर रिजर्व, जगदलपुर तथा उप निदेशक, इन्द्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर के निर्देशन में की गई। वन विभाग को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा।
वन विभाग के अनुसार 19 अगस्त 2026 को की गई इस कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश, नदी-नालों में बढ़े जलस्तर और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद मैदानी अमला नियमित पैदल गश्त कर वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है। सूचना तंत्र को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के कारण इस तरह की कार्रवाई संभव हो सकी है।
वन विभाग ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वन अपराध, अवैध शिकार या वन्यजीवों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें। विभाग का कहना है कि वन्यजीवों की सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्रवाई में अधीक्षक इन्द्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर, परिक्षेत्र अधिकारी फरसेगढ़/पासेवाड़ा, परिक्षेत्र अधिकारी सेण्ड्रा, परिक्षेत्र अधिकारी कुटरू बफर, परिक्षेत्र अधिकारी कुटरू कोर, परिक्षेत्र अधिकारी मद्देड़ बफर सहित इन्द्रावती टाइगर रिजर्व का मैदानी अमला शामिल रहा।




