आरटीआई विवाद के बीच बड़ा सवाल: क्या सरकारी जमीन पर चल रहे निजी स्कूल?

भोपालपटनम, बीजापुर, शांतिनगर और भैरमगढ़ के स्कूलों पर आरोप, आरटीई नियमों की अवहेलना का भी मामला
बीजापुर (हिन्दसत)। सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत निजी विद्यालयों द्वारा जानकारी देने से इनकार के बाद अब जिले में एक और बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। आरोप है कि कई निजी शिक्षण संस्थाएं सरकारी जमीन पर संचालित हो रही हैं और इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार आवापल्ली, भोपालपटनम, बीजापुर, शांतिनगर और भैरमगढ़ क्षेत्र में संचालित कुछ निजी विद्यालयों के सरकारी जमीन पर कब्जे में चलने की बात सामने आ रही है। साथ ही शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर प्रवेश सहित अन्य प्रावधानों की खुले तौर पर अवहेलना किए जाने का आरोप भी लगाया जा रहा है।
इधर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं जिला शिक्षा समिति के पूर्व सभापति कमलेश कारम ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सरकारी स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने के बजाय निजी स्कूलों को नियमों को ताक में रखकर सुविधाएं मुहैया करा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि निजी विद्यालय सरकारी जमीन पर संचालित हो रहे हैं तो इसकी जांच कर स्पष्ट किया जाना चाहिए कि उन्हें किस आधार पर अनुमति दी गई। साथ ही आरटीई नियमों के पालन और मान्यता की शर्तों की भी समीक्षा आवश्यक है।
मामले में अब प्रशासन से जांच की मांग उठने लगी है। शिक्षा विभाग द्वारा तथ्य स्पष्ट किए जाने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।




