Breaking News

80 लाख की नल-जल योजना अधूरी, गांव प्यासा

दो साल से टंकियां खड़ी, लेकिन एक बूंद पानी नहीं; गर्मी से पहले ग्रामीणों की चिंता बढ़ी

बीजापुर (हिन्दसत)। बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड के ग्राम पंचायत कोत्तापल्ली अंतर्गत ग्राम लोदेड़ में करीब 80 लाख रुपये की नल-जल योजना अधूरी पड़ी है। योजना के तहत गांव में चार स्ट्रक्चर और आठ पानी की टंकियां बनाई गईं, लेकिन निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण पिछले दो वर्षों से ग्रामीणों को एक बूंद भी पानी नहीं मिल पाया है।

जानकारी के अनुसार इस योजना के माध्यम से गांव के 124 घरों और लगभग 600 से 700 लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अधूरा कार्य होने के कारण योजना का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच सका है।

ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत टंकियां तो खड़ी कर दी गईं, लेकिन उन्हें पानी से जोड़ने का काम अब तक पूरा नहीं हुआ है। इस संबंध में कई बार अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।

इधर गर्मी का मौसम नजदीक आने से गांव में पानी की समस्या को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द योजना को पूरा कर पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

इस मामले में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता एस. आर. नेताम ने बताया कि चार में से दो संरचनाओं को ट्यूबवेल से जोड़ दिया गया है, जबकि बाकी दो को जोड़ने में तकनीकी दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि समस्या का जल्द समाधान कर योजना को शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button