Breaking News

मिनी स्टेडियम में उमड़ा महिला शक्ति का सैलाब, खेल-सांस्कृतिक आयोजनों के साथ मनाया गया महिला महाधिवेशन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हजारों महिलाओं की भागीदारी, प्रतियोगिताओं और बस्तरिया गीतों से गूंजा बीजापुर का मिनी स्टेडियम

बीजापुर (हिन्दसत)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय महिला महाधिवेशन का भव्य आयोजन किया गया। मातृशक्ति के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी जिले भर की हजारों महिलाएं उत्साह और उमंग के साथ शामिल हुईं। पूरे दिन चले इस आयोजन में महिला सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक गौरव की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, जनपद पंचायत सदस्य धनेश्वरी बाकड़े, पार्षद सत्यवती परतागिरी तथा जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर महिलाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें कुर्सी दौड़, सुई-धागा दौड़, चम्मच दौड़, रंगोली प्रतियोगिता, रस्साकसी और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख रहे। इन प्रतियोगिताओं में जिले भर की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

 

कुर्सी दौड़ में प्रमिला गायता ने प्रथम, समिता ताटी ने द्वितीय तथा राजेश्वरी तोयनार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सुई-धागा दौड़ में मालती तोयनार और अंजली वाचम प्रथम रहीं, जबकि फरसेगढ़ की प्रेमा द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं। चम्मच दौड़ में सुनिता जुभार तोयनार प्रथम, सुमित्रा कुड़ियम द्वितीय और रंजिता टिंगे तृतीय स्थान पर रहीं।

रंगोली प्रतियोगिता में अंजली कोड़ोपी ने प्रथम, शीतल यादव ने द्वितीय तथा श्री देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रस्साकसी प्रतियोगिता में चेरपल्ली की टीम प्रथम और नैमेड़ टीम द्वितीय स्थान पर रही। वहीं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में मूसालूर क्लस्टर ने प्रथम, भोपालपटनम क्लस्टर ने द्वितीय और आवापल्ली क्लस्टर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों और टीमों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा ने कहा कि महतारी वंदन योजना जैसी पहल से महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिल रही है और वे आत्मनिर्भर बन रही हैं।

नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी ने आयोजन के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं के आत्मविश्वास और साहस को बढ़ाते हैं। समापन समारोह में कलेक्टर संबित मिश्रा ने मातृशक्ति को निरंतर आगे बढ़ने और समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन में जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। समापन के दौरान महिलाओं ने बस्तरिया गीतों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया, जिससे पूरा मिनी स्टेडियम उत्सव के माहौल से गूंज उठा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मैथ्यूज कुजूर, संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button