Breaking News

वादा 500 का, हकीकत 2500 भी कम – महंगाई और गैस संकट पर सड़कों पर उतरीं महिलाएं

चूल्हा-चौका छोड़ महिला कांग्रेस का धरना, रसोई खर्च बढ़ने और गैस किल्लत पर जताया आक्रोश

बीजापुर (हिन्दस्त)। महंगाई और रसोई गैस की कमी से परेशान महिलाओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। महिला कांग्रेस के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं नए बस स्टैंड बीजापुर में धरने पर बैठीं और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

महंगाई और रसोई गैस की किल्लत को लेकर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता एवं स्थानीय महिलाएं नए बस स्टैंड बीजापुर में धरने पर बैठ गईं। इस दौरान महिलाओं ने चूल्हा-चौका छोड़कर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

महिलाओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। खाद्य तेल, अनाज सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि पहले 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया गया था, लेकिन वर्तमान स्थिति यह है कि 2500 रुपये तक में भी गैस सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

धरने के दौरान महिलाओं ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित मूल्य दुकानों में खाद्य सामग्री की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि गुड़ और चना जैसी आवश्यक वस्तुएं महीनों से उपलब्ध नहीं हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि अच्छे दिनों का सपना दिखाकर अब उन्हें कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

धरने के दौरान “गैस सिलेंडर देना होगा”, “महंगाई पर रोक लगाओ” और “सरकार होश में आओ” जैसे नारों के साथ महिलाओं ने अपनी नाराजगी जाहिर की।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर एवं बीजापुर विधायक विक्रम मांडवी ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शन को संबोधित किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया।

प्रदर्शन के उपरांत महिलाओं ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार बीजापुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गैस सिलेंडर की भारी कमी एवं किल्लत से आम जनता को हो रही परेशानी का उल्लेख करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई है।

धरने में महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गीता कमल, संजना चौहान (अध्यक्ष, शहर महिला कांग्रेस), नीना रावतिया उद्दे, मरियम पोडियम, पार्वती कश्यप, रजिया बेगम, अनीता तेलम, मनीषा कोवा, ललिता झाड़ी, सपना, सोनमती ताती, शशि श्रुति, रत्ना सोढ़ी, सुनीता हेमला, सरस्वती मंडल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button