बीजापुर में राम नवमी पर भव्य रैली, जय श्रीराम के नारों से गूंजा शहर

भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था रही चाक-चौबंद
बीजापुर (हिन्दसत)। चैत्र नवरात्रि के अष्टमी की संध्या राम नवमी के उपलक्ष्य में व्यापारी संघ और मॉर्निंग क्लब बीजापुर के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को भव्य एवं आकर्षक रैली निकाली गई। रैली में शहरभर से बड़ी संख्या में राम भक्त शामिल हुए, जिससे पूरा नगर “जय श्रीराम” के नारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

रैली का शुभारंभ पुराने शिव मंदिर से हुआ, जो नए बस स्टैंड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होते हुए नगर भ्रमण पर निकली। रैली के मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और पुष्प वर्षा कर आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया।
रैली में शामिल युवाओं और श्रद्धालुओं ने डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर जमकर नृत्य किया। पारंपरिक परिधान, हाथों में भगवा ध्वज और उत्साह से भरे चेहरे इस आयोजन को विशेष आकर्षण बना रहे थे। पूरे आयोजन ने शहर में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता का भी संदेश दिया।
परीक्षा सत्र को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के निर्देशानुसार डीजे की ध्वनि सीमित रखी गई। वहीं सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस के जवान पूरे मार्ग पर तैनात रहे, जिससे रैली शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
इस भव्य आयोजन के माध्यम से बीजापुर में राम नवमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक समरसता के साथ मनाया गया, जिसने नगरवासियों में एकता और भाईचारे की भावना को और प्रगाढ़ किया।




