Breaking News

बच्चा चोरी और किडनी चोरी की अफवाहों पर पुलिस सतर्क, एडवायजरी जारी

सोशल मीडिया के भ्रामक सूचनाओं से बचने और शांति बनाए रखने की अपील

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में इन दिनों बच्चा चोरी और किडनी चोरी जैसी अफवाहों के तेजी से फैलने के बीच पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए एडवायजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस प्रकार की अधिकांश सूचनाएं पूरी तरह निराधार और भ्रामक होती हैं, जिनका उद्देश्य लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बनाना है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और मौखिक रूप से फैल रही ऐसी अफवाहों से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

 

पुलिस द्वारा जारी निर्देशों में नागरिकों से कहा गया है कि किसी भी संदिग्ध संदेश या वीडियो को बिना सत्यापन साझा न करें। साथ ही, किसी अज्ञात व्यक्ति या घटना को लेकर अफवाह फैलाने से बचें। यदि किसी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें और किसी भी स्थिति में भीड़ द्वारा कानून हाथ में न लिया जाए।

प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि अफवाहों के कारण कई बार निर्दोष लोगों के साथ मारपीट जैसी घटनाएं हो जाती हैं, इसलिए सभी लोग संयम और सतर्कता बनाए रखें।

पुलिस ने नागरिकों से अपने-अपने गांवों और मोहल्लों में जागरूकता फैलाने की अपील की है, ताकि जिले में शांति और आपसी विश्वास बना रहे। किसी भी संदिग्ध स्थिति में नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button