Breaking News

7-A साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन, ब्रदर्स 11 बनी विजेता

पेनाल्टी शूटआउट में ट्राइबल एरोज को हराया, 51 हजार की पुरस्कार राशि पर कब्जा

सुकमा (हिन्दसत)। सुकमा मिनी स्टेडियम में 2 अप्रैल से 7 अप्रैल तक आयोजित 7-A साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला और खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। समापन समारोह में मनोज देव, हरीश कवासी, विश्वराज सिंह चौहान, विक्रांत देव, सुनील यादव, राजेंद्र गुप्ता, उपेंद्र नायक सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें ब्रदर्स 11 और ट्राइबल एरोज की टीम आमने-सामने थीं। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मैच का निर्णय पेनाल्टी शूटआउट से किया गया। पेनाल्टी में ब्रदर्स 11 ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ट्राइबल एरोज को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में विजेता टीम ब्रदर्स 11 को 51,000 रुपये तथा उपविजेता ट्राइबल एरोज को 35,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। नितेश कश्यप को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, हेमंत बघेल को बेस्ट मिडफील्डर, अजय मड़काम को बेस्ट डिफेंडर, शंकर को बेस्ट गोलकीपर तथा अब्बास को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

समापन समारोह में अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं और उन्हें अनुशासन व टीम भावना की सीख भी प्रदान करते हैं। वक्ताओं ने कहा कि सुकमा जैसे क्षेत्र में लगातार खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की। साथ ही आयोजन समिति के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button