मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 40 घायल; 13 की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

बीजापुर से महाराष्ट्र मिर्ची तोड़ने जा रहे थे मजदूर, सोमनपल्ली के पास हादसा
बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के भोपालपटनम ब्लॉक अंतर्गत बारेगुड़ा क्षेत्र से महाराष्ट्र जा रहे मजदूरों से भरी पिकअप वाहन सोमनपल्ली के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 35 से 40 मजदूर घायल हो गए, जिनमें 13 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि मजदूर मिर्ची तोड़ने के काम के लिए महाराष्ट्र जा रहे थे। इसी दौरान सोमनपल्ली के पास पिकअप वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन पलट गया। दुर्घटना के समय वाहन में क्षमता से अधिक मजदूर सवार थे, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए।

घायल मजदूर दम्मूर और पेटाबोगड़ा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपालपटनम लाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी एवं बीएमओ डॉ. चेलापति राव ने बताया कि 13 मजदूर गंभीर रूप से घायल पाए गए, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। अन्य घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपालपटनम में जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है तथा घायलों के उपचार की व्यवस्था की गई है।



