तेंदूपत्ता नगद भुगतान की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, विधायक विक्रम मंडावी ने सरकार पर साधा सीधा निशाना

“मोदी की गारंटी” पर घेरा—नगद भुगतान, दर बढ़ोतरी और 15 दिन निर्बाध संग्रहण नहीं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
बीजापुर (हिन्दसत)। तेंदूपत्ता संग्रहकों को संग्रहण केंद्रों पर ही नगद भुगतान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय में विशाल धरना-प्रदर्शन और रैली निकालकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर बीजापुर को ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए वादों को भुला दिया है और तेंदूपत्ता संग्राहकों के हितों की अनदेखी की जा रही है।

धरना स्थल पर विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में “मोदी की गारंटी” के नाम पर तेंदूपत्ता संग्राहकों से नगद भुगतान, दर वृद्धि, फड़मुंशियों का मानदेय बढ़ाने, मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने और परिवहन किराया बढ़ाने जैसे कई वादे किए गए थे, लेकिन सरकार बनने के 27 महीने बाद भी एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासियों को गुमराह कर सत्ता में आई और अब अपने वादों से मुंह मोड़ रही है।
विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब आदिवासी परिवारों के सामने आजीविका का संकट गहराता जा रहा है और रोजगार के अभाव में लोग तेलंगाना एवं महाराष्ट्र की ओर पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता से मिलने वाली आय आदिवासी परिवारों की आर्थिक रीढ़ रही है, लेकिन भुगतान व्यवस्था बदलने से संग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिले के दूरस्थ इलाकों में बैंकिंग सुविधा नहीं है और आधे से अधिक आदिवासियों के पास बैंक खाता या आधार कार्ड तक नहीं है। ऐसे में बैंक खाते के माध्यम से भुगतान करने से ग्रामीणों को भुगतान प्राप्त करने में कठिनाई होगी। विधायक ने आरोप लगाया कि बस्तर के जल, जंगल और जमीन पर उद्योगपतियों की नजर है और सरकार आदिवासियों के पारंपरिक संसाधनों को कमजोर करने की नीति अपना रही है।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में तेंदूपत्ता संग्रहण केंद्र पर नगद भुगतान, वर्तमान दर 5500 रुपये प्रति मानक से बढ़ाकर 7000 रुपये करने, आवश्यकतानुसार नए तेंदूपत्ता फड़ खोलने, नेशनल पार्क, पामेड़ अभ्यारण्य एवं टिण्डोड़ी अभ्यारण्य क्षेत्र में तेंदूपत्ता तोड़ने की व्यवस्था करने, फड़मुंशियों को 25 हजार रुपये वार्षिक मानदेय देने, 15 दिनों तक निर्बाध संग्रहण कार्य कराने, परिवहन किराया बढ़ाने तथा कार्य में लगे मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने जैसी मांगें शामिल हैं।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, कमलेश कारम, नीना रावतिया उद्दे, बसंत राव ताटी, रमेश पामभोई, प्रवीण डोंगरे, ज्योति कुमार, जगबंधु मांझी, मंगल राना, मनोज यालम, मनोज अवलम, अशोक मड़े, पुरुषोत्तम खत्री, शैलेश मंडावी, राजेश जैन, सुरेंद्र चापा, पुरुषोत्तम सल्लूर, एजाज सिद्दीकी, बाबूलाल राठी, अरुण वासम, मनोज कसोजी, भीमा कट्टम, रतन कश्यप, राजीव सिंह, जगदेव यादव, कामेश मोरला, बलराम कोरसा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और तेंदूपत्ता संग्राहक मौजूद थे।




