छत्तीसगढ

केन्द्रीय रेल मंत्रालय ने बस्तर को दी सौगातें – केदार कश्यप

केन्द्रीय रेल मंत्रालय ने बस्तर को दी सौगातें – केदार कश्यप

जगदलपुर : रावघाट जगदलपुर रेल लाइन निर्माण का काम जल्द आरंभ होगा , धमतरी से कोण्डागांव जगदलपुर तक पुरानी रेल लाइन का होगा सर्वे

भाजपा बस्तर विकास के लिये संकल्पित, केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व भाजपा प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर का माना आभार

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने आज भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुये कहा कि केन्द्रीय रेल मंत्रालय ने बस्तर को दो बड़ी सौगातें दी हैं।

जगदलपुर रावघाट रेल लाइन का कार्य अब शीघ्र आरंभ होगा और धमतरी कोण्डागांव होते हुये जगदलपुर तक बिछी पुरानी रेल लाइन का सर्वे भी आरंभ किया जायेगा।

भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने दिल्ली में केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर बस्तर में रेल सेवा विस्तार के लिये लंबी चर्चा की और रुके कार्यो को पूर्ण करने उन्हें अवगत कराया। केन्द्रीय रेल मंत्री श्री वैष्णव ने इस विषय को गंभीरता से लिया है। रावघाट जगदलपुर रेल लाइन निर्माण का डीपीआर भी जुलाई तक हो जायेगा।

केदार कश्यप ने पत्र वार्ता में कहा कि बस्तर वासियों की लगभग छ: दशक पुरानी मांग पूरी करने सार्थक पहल हो गयी है। रावघाट जगदलपुर रेल लाइन का काम एक साथ दोनों ओर से शुरू किया जायेगा। 140 किमी लंबी इस रेल लाइन का काम शीघ्रताशीघ्र समय पर पूरा हो, यह प्राथमिकता में रहेगा।

कश्यप ने कहा कि अप्रैल माहान्त में भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर के बस्तर प्रवास के दौरान उनके समक्ष बस्तर में रेल सेवा विस्तार सहित रावघाट जगदलपुर रेल लाइन निर्माण का विषय रखा गया था।

जिसे गंभीरता से लेते हुये उन्होंने केन्द्रीय रेल मंत्री से बात की और प्रदेश प्रभारी श्री माथुर के मार्ग दर्शन में बस्तर से भाजपा के प्रतिनिधि मंडल ने दिल्ली में रेल मंत्री से मुलाकात की।

केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर से जुड़ी कई अन्य रेल सेवा विस्तार की मांगों को भी केन्द्रीय रेल मंत्रालय ने सहमति दे दी है। भाजपा बस्तर विकास के लिये सदैव संकल्पित है, केन्द्रीय रेल मंत्रालय द्वारा बस्तर में रेल सेवा कार्यों को तीव्र गति देने भाजपा प्रतिनिधि मण्डल को पन्द्रह दिन बाद पुन: दिल्ली बुलाया है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री कश्यप ने बस्तर को मिली सौगातों के लिये केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं भाजपा प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर का आभार व्यक्त किया।

पत्र वार्ता के दौरान पूर्व सांसद दिनेश कश्यप,पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, बिलासपुर संभाग प्रभारी किरण देव,भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी, पूर्व विधायक संतोष बाफना, बैदूराम कश्यप, सुधीर पाण्डेय, योगेन्द्र पाण्डेय, श्रीधर ओझा, रामाश्रय सिंह, वेदप्रकाश पाण्डेय, राजेन्द्र बाजपेयी,महेश कश्यप, संग्राम सिंह राणा, आलोक अवस्थी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button