नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार: मोदी सरकार की बड़ी सफलता

अब सिर्फ तीन जिले सबसे अधिक प्रभावित
नई दिल्ली (पीआईबी/हिन्दसत)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। अब देश में नक्सलवाद से सबसे अधिक प्रभावित जिलों की संख्या 6 से घटकर केवल 3 रह गई है जिसमें बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर (छत्तीसगढ़) शामिल हैं।
वामपंथी उग्रवाद (LWE) से प्रभावित जिलों की संख्या भी 18 से घटकर सिर्फ 11 रह गई है। केंद्र सरकार का लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक देश को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाना है।
इस वर्ष हुए अभियानों में 312 माओवादी मारे गए, 836 गिरफ्तार हुए और 1,639 ने आत्मसमर्पण किया है, जिनमें शीर्ष कमांडर भी शामिल हैं।
सरकार की राष्ट्रीय कार्य योजना और नीति के तहत विकास कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं और सटीक सुरक्षा अभियानों से नक्सल नेटवर्क तेजी से कमजोर हुआ है।
कभी जिसे देश की “सबसे बड़ी आंतरिक सुरक्षा चुनौती” कहा गया था, वह नक्सलवाद अब सिमट कर कुछ जिलों तक रह गया है और केंद्र सरकार इसे समाप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।