बंदूक छोड़ संविधान अपनाने वालों का स्वागत – सीएम विष्णुदेव साय

बस्तर में 210 माओवादियों का आत्मसमर्पण
जगदलपुर(हिन्दसत)। बस्तर में आज नक्सल उन्मूलन अभियान का ऐतिहासिक दिन रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में 210 माओवादी कैडरों ने हिंसा का मार्ग त्यागकर संविधान और लोकतंत्र की मुख्यधारा में लौटने का संकल्प लिया। आत्मसमर्पण करने वालों में 1 सेंट्रल कमेटी सदस्य, 4 डीकेएसजेडसी सदस्य और 21 डिविजनल कमेटी सदस्य सहित कई वरिष्ठ माओवादी नेता शामिल हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “आज का दिन छत्तीसगढ़ के शांतिपूर्ण भविष्य का शिलान्यास है। बंदूक छोड़कर संविधान अपनाने वालों ने विश्वास और परिवर्तन की मिसाल पेश की है।”
‘पूना मारगेम – पुनर्वास से पुनर्जीवन’ योजना के तहत हुए इस आत्मसमर्पण में माओवादी कैडरों ने 153 हथियार, जिनमें AK-47, SLR और INSAS राइफलें शामिल हैं, सौंपे।
कार्यक्रम जगदलपुर पुलिस लाइन में आयोजित हुआ, जहां आत्मसमर्पित कैडरों का स्वागत मांझी-चालकी विधि से किया गया। सभी ने संविधान की शपथ ली और शांति, विकास व राष्ट्र निर्माण की दिशा में योगदान देने का संकल्प लिया।