Breaking News

बड़ी कार्रवाई : होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर छापा, 28 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

15 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 10 जगहों पर घरेलू सिलेंडर का हो रहा था व्यावसायिक उपयोग 

सुकमा (हिन्दसत)। जिला प्रशासन के निर्देश पर बुधवार को सुकमा में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। कलेक्टर के निर्देशन एवं खाद्य अधिकारी के मार्गदर्शन में गठित टीम ने शहर के कुल 15 होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान 10 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग करते हुए पाया गया। नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कुल 28 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है और इस तरह की अनियमितताओं पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

जिला प्रशासन के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, गैस आपूर्ति व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखना तथा नियमों का सख्ती से पालन कराना है। प्रशासन ने सभी होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों से अपील की है कि वे व्यावसायिक उपयोग के लिए केवल अधिकृत कमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही इस्तेमाल करें।

संयुक्त निरीक्षण दल में सहायक खाद्य अधिकारी जयवर्धन ठाकुर, खाद्य निरीक्षक अरविंद ध्रुव, विजय कुमार, हरिशंकर साहु तथा कार्यालयीन स्टाफ अश्विनी तिवारी, विश्वरंजन और हेमला मंगडू शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button