Breaking News

आधी रात मिंगाचल नदी पहुंचे विधायक विक्रम मंडावी, अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई

जेसीबी, पोकलैंड और तीन रेत से भरे टिप्पर जब्त, तेलंगाना तक हो रही थी रेत की तस्करी का आरोप

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के मिंगाचल नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। जानकारी के अनुसार बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी रात करीब 1:30 बजे स्वयं मौके पर पहुंचे और कथित रूप से चल रहे अवैध रेत खनन का निरीक्षण किया। विधायक के पहुंचने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हुआ और खनिज विभाग तथा नैमेड थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान अवैध रेत उत्खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी, एक पोकलैंड मशीन तथा रेत से भरे तीन टिप्पर वाहनों को जब्त किया गया। अधिकारियों ने वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि मिंगाचल नदी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन का कारोबार संचालित हो रहा था और रात के अंधेरे में रेत को पड़ोसी राज्य तेलंगाना तक पहुंचाया जा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही थी।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि मिंगाचल नदी के अलावा तरलागुड़ा, भद्राकाली और कोंडामोसम क्षेत्र में भी विशेष अभियान चलाकर अवैध उत्खनन के नेटवर्क पर कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि अवैध खनन से न केवल राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि नदी तंत्र और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

 

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों और संरक्षण देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button