हिड़मा के महिमामंडन पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, विधायक अटल श्रीवास्तव से मांगी माफी
प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकटेश्वर बोले- नक्सली हिंसा के मास्टरमाइंड का गुणगान शहीदों और पीड़ित परिवारों का अपमान

बीजापुर (हिन्दसत)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकटेश्वर ने कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव के कथित बयान को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्दांत नक्सली कमांडर हिड़मा का महिमामंडन करना छत्तीसगढ़ के शहीद जवानों, निर्दोष आदिवासियों और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों का अपमान है।
जारी बयान में जी. वेंकटेश्वर ने कहा कि हिड़मा झीरम घाटी हमले, ताड़मेटला तथा बीजापुर-सुकमा क्षेत्र में हुए कई बड़े नक्सली हमलों का कथित मास्टरमाइंड रहा है। ऐसे व्यक्ति की तुलना महान विभूतियों से करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि कांग्रेस की सोच पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में जुटी है। ऐसे समय में कांग्रेस नेताओं द्वारा नक्सलियों के प्रति सहानुभूति दिखाना बेहद चिंताजनक है।
भाजपा नेता ने कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व और आलाकमान से भी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने पूछा कि यदि कांग्रेस विधायक के बयान से सहमत नहीं है, तो अब तक उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
जी. वेंकटेश्वर ने कहा कि अटल श्रीवास्तव को अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो भाजपा इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।
भाजपा का कहना है कि नक्सल हिंसा में अपने परिजनों को खो चुके परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले ऐसे बयानों को जनता स्वीकार नहीं करेगी।

