उसूर क्षेत्र में प्रेशर आईईडी विस्फोट की दो घटनाएं, दो ग्रामीण घायल
उसूर क्षेत्र में प्रेशर आईईडी विस्फोट की दो घटनाएं, दो ग्रामीण घायल

बीजापुर। जिले के उसूर थाना क्षेत्र में माओवादियों द्वारा पूर्व में लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से मंगलवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीण घायल हो गए। दोनों घायलों के पैरों में चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला सुकमा के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के ग्राम करीगुण्डम के 7-8 युवक एवं बालक नीलम सराई जलप्रपात घूमने आए थे। जलप्रपात से लगभग डेढ़ किलोमीटर पहले माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी पर पैर पड़ने से 13 वर्षीय सोढ़ी देवा, पिता हुंगा सोढ़ी, घायल हो गया। विस्फोट में उसके दाहिने पैर की एड़ी में चोट आई। घायल बालक को तत्काल उसूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वहीं दूसरी घटना ग्राम नम्बी के समीप हुई। बताया गया कि गांव के दो ग्रामीण मवेशी चराने नम्बी जलधारा की ओर गए थे। इसी दौरान जंगल में पूर्व से लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से 15 वर्षीय विनोद कट्टम, पिता चन्द्रु कट्टम, घायल हो गया। विस्फोट में उसके दाहिने पैर की एड़ी में चोट आई है।
घटना स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग में पड़ने वाले नाले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। इसके बावजूद सुरक्षा बलों ने आवश्यक सावधानियों के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू कर घायल को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई की।
क्षेत्र में लगातार मिल रहे आईईडी के मामलों ने एक बार फिर ग्रामीणों और वनांचल क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सुरक्षा बलों ने लोगों से सतर्क रहने तथा संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।


