Breaking News

नीति आयोग के “चैम्पियंस ऑफ चेंज” में उसूर विकासखंड देश में दूसरे स्थान पर

स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत विकास के बेहतर प्रदर्शन से बीजापुर को मिली राष्ट्रीय पहचान

बीजापुर(हिन्दसत)। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड ने नीति आयोग के प्रतिष्ठित “चैम्पियंस ऑफ चेंज” कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर जिले को नई पहचान दिलाई है। अक्टूबर से दिसंबर 2025 तिमाही के मूल्यांकन में उसूर विकासखंड ने सेंट्रल इंडिया ज़ोन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबद्ध सेवाएं, आधारभूत संरचना और सामाजिक विकास जैसे विभिन्न मानकों पर विकासखंडों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। उसूर विकासखंड ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समन्वित प्रयासों के आधार पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

इस सफलता के पीछे जिला प्रशासन द्वारा अपनाए गए “3C मॉडल” — अभिसरण (Convergence), सहयोग (Collaboration) और प्रतिस्पर्धा (Competition) को प्रमुख कारण माना जा रहा है। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं को एकीकृत रूप से लागू किया गया, जिससे संसाधनों का प्रभावी उपयोग और परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति विकसित हुई।

स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत, शिक्षा और कृषि विभागों ने संयुक्त रूप से योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं जनप्रतिनिधियों, मैदानी कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी ने विकास कार्यों को गति दी। विकासखंड स्तर पर सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा दिया गया।

कलेक्टर विश्वदीप ने इस उपलब्धि पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और उसूर विकासखंड की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयासों, विभागीय समन्वय और सेवा प्रदायगी में निरंतर सुधार का परिणाम है। उन्होंने आगामी तिमाहियों में और बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास जारी रखने के निर्देश दिए।

जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने भी इस उपलब्धि पर स्थानीय प्रशासन, विभागीय अधिकारियों और मैदानी अमले को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में विकास के नए मानक स्थापित करना पूरे बस्तर क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बेहतर समन्वय और जनकेंद्रित कार्यप्रणाली को इस सफलता का आधार बताया।

यह उपलब्धि न केवल बीजापुर जिले बल्कि पूरे बस्तर क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है। कठिन परिस्थितियों के बीच विकास संकेतकों में सुधार कर उसूर विकासखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

Related Articles

Back to top button