बागेश्वर धाम से लौटते समय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल
बागेश्वर धाम से लौटते समय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा को उस समय चिंता में डाल देने वाली खबर मिली, जब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव (Kiran Singh Deo) उत्तर प्रदेश में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर परिवार के साथ बागेश्वर धाम के दर्शन कर लौटते समय झांसी-ललितपुर राजमार्ग पर उनकी कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में उन्हें कमर और पैर में चोटें आई हैं, जबकि उनके चालक को भी चोट लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार दर्शन के बाद वापस लौटते समय सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। तेज ब्रेक लगने से कार का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। दुर्घटना के समय किरण सिंह देव के साथ उनके निजी सुरक्षा अधिकारी भी वाहन में मौजूद थे। परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में पीछे चल रहे थे, जिससे वे सुरक्षित रहे।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया तथा घायल किरण सिंह देव को झांसी मेडिकल महाविद्यालय पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया है।
सूत्रों के मुताबिक एहतियात के तौर पर उन्हें जल्द ही हवाई एम्बुलेंस अथवा हेलीकॉप्टर के माध्यम से रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है। वहीं दुर्घटना में घायल चालक का भी उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। हादसे की खबर मिलते ही प्रदेश भर में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चिंता व्यक्त करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

