Breaking News

बस्तर फाइटर्स के 5,800 पदों पर भर्ती को मंजूरी, स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार का बड़ा अवसर

मंत्री केदार कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा का जताया आभार

बीजापुर (हिन्दसत)। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर संभाग के युवाओं के लिए एक बड़ा निर्णय लेते हुए विशेष सुरक्षा बल ‘बस्तर फाइटर्स’ के 5,800 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इस पहल का उद्देश्य माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना तथा बस्तर में स्थायी शांति और विकास को बढ़ावा देना है। प्रथम चरण में 1,500 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सरकार की योजना के अनुसार भविष्य में बस्तर क्षेत्र में तैनात केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की संख्या को चरणबद्ध तरीके से कम करते हुए सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय युवाओं से गठित बस्तर फाइटर्स को सौंपी जाएगी। स्थानीय भाषा, संस्कृति और भौगोलिक परिस्थितियों की बेहतर समझ रखने वाले युवा सुरक्षा अभियानों को अधिक प्रभावी बना सकेंगे।

इस महत्वपूर्ण निर्णय पर प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त किया।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के युवाओं में प्रतिभा, साहस और समर्पण की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार ने उन्हें अपने क्षेत्र की सुरक्षा और विकास में भागीदारी का अवसर देकर ऐतिहासिक कदम उठाया है। इससे हजारों युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलेगा और क्षेत्र में रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार बस्तर के समग्र विकास, युवाओं के सशक्तिकरण और माओवाद के स्थायी समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। बस्तर फाइटर्स भर्ती इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो आने वाले वर्षों में बस्तर की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Back to top button