सरदार वल्लभ भाई पटेल के 150 वीं जयंती पर जिला स्तरीय यूनिटी मार्च कल
बस्तर सांसद करेंगे चिकटराज गुड़ी से शुभारंभ

बीजापुर (हिंदसत)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक भारत, आत्मनिर्भर भारत की थीम पर जिला स्तरीय यूनिटी मार्च का आयोजन आज बीजापुर मुख्यालय में किया जा रहा है। इसकी तैयारी को लेकर इंद्रावती सभा कक्ष में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें एसडीएम जागेश्वर कौशल ने विस्तृत जानकारी दी।
एसडीएम कौशल ने बताया कि यह 8 किमी लंबी एकता पदयात्रा 18 नवंबर दोपहर 3 बजे बीजापुर के आराध्य बाबा चिकटराज गुड़ी से प्रारंभ होगी। कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर सांसद महेश कश्यप द्वारा किया जाएगा। पदयात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज के प्रबुद्ध नागरिक तथा आम लोग शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि पदयात्रा के दौरान लोहा डोगरी के पास जलपान की व्यवस्था रहेगी, जिसके बाद यात्रा एजुकेशन सिटी पहुंचेगी। यहां प्रतिभागियों द्वारा एक भारत, आत्मनिर्भर भारत की शपथ ली जाएगी।
एसडीएम कौशल ने जिले के नागरिकों से आह्वान किया कि राष्ट्रीय एकता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस यूनिटी मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। प्रेस वार्ता में जिला जनसंपर्क अधिकारी दिनेश नेताम सहित बीजापुर मुख्यालय के पत्रकारगण मौजूद थे।




