Breaking News

सिंगल यूज पॉलिथिन : 10 दुकानों पर कार्रवाई, 61,700 रुपये जुर्माना

नगरीय प्रशासन का अभियान, प्रतिबंधित पॉलिथिन उपयोग पर सख्ती

बीजापुर (हिन्दसत)। सिंगल यूज पॉलिथिन के खिलाफ नगरीय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शहर में व्यापक अभियान चलाया। सचिव नगरीय प्रशासन के दिशा-निर्देश में मुख्य नगर पालिका अधिकारी बंशीलाल नुरुटी के नेतृत्व में टीम ने बाजार क्षेत्र में निरीक्षण कर कार्रवाई की।

अभियान के दौरान 10 दुकानों पर छापामार कार्रवाई की गई। निरीक्षण में प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलिथिन का उपयोग पाए जाने पर कुल 61 हजार 700 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में प्रतिबंधित पॉलिथिन का उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई।

प्रशासन ने दुकानदारों को निर्धारित मानक के अनुरूप मोटाई वाले पॉलिथिन के उपयोग की सलाह देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सिंगल यूज पॉलिथिन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

नगरीय प्रशासन ने आम नागरिकों और व्यापारियों से कपड़े के थैले एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की है, ताकि शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button